डेस्क सिस्टम से हुई जनसुनवाई, राजस्व और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सुनीं फरियादियों की समस्याएं

गणेश धर द्विवेदी

जिले के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने एक साथ बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की पहल की। जिले के सभी थानों पर कुल 124 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 113 मामले राजस्व विभाग से तथा 11 मामले पुलिस विभाग से संबंधित थे। अधिकारियों ने इनमें से 10 प्रार्थना पत्रों का त्वरित निस्तारण कराया, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।

थाना समाधान दिवस के अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज प्रकाश राठौड़ तथा अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने रामपुर कारखाना और बघौचघाट थाने पहुंचकर जनसमस्याएं सुनीं। इन दोनों थानों पर कुल नौ प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। अधिकारियों ने शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर की पहल पर इस बार जनसुनवाई को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए डेस्क सिस्टम लागू किया गया। इसके तहत क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों ने सर्किल एवं थाना स्तर पर, जबकि हल्का प्रभारियों तथा बीट पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अलग-अलग डेस्क लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं।

इस व्यवस्था का उद्देश्य फरियादियों को उनकी समस्या के अनुसार संबंधित अधिकारी तक सीधे पहुंचाना और अनावश्यक दौड़भाग से बचाना है। अधिकारियों ने राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय बनाकर निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही लंबित शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।