मोबाइल चोरों और गुमशुदा फोन रखने वालों पर पुलिस का शिकंजा, एसओजी व सर्विलांस टीम की बड़ी कामयाबी
गणेश धर द्विवेदी
दिवाली पर्व से पहले देवरिया पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन के मालिकों को बड़ी सौगात दी है। पुलिस की मोबाइल रिकवरी टीम, एसओजी और सर्विलांस सेल ने संयुक्त अभियान चलाकर अलग-अलग कंपनियों के 268 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 55 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। लंबे समय से अपने खोए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों के चेहरे फोन वापस मिलते ही खिल उठे।
पुलिस की इस कार्रवाई में रेडमी के 42, वीवो के 50, ओप्पो के 50, इंफिनिक्स के छह, ऑनर का एक, वनप्लस के नौ, सैमसंग के 18, रियलमी के 60, टेक्नो के 12, मोटोरोला के 15 और इंटेक्स कंपनी के पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, ये मोबाइल फोन जनपद देवरिया के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए थे। किसी का मोबाइल रास्ते में गिर गया था तो किसी का वाहन में छूट गया था। कुछ लोगों के मोबाइल अनजाने में दूसरे व्यक्तियों के पास पहुंच गए थे। मोबाइल गुम होने के बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी माध्यमों और सर्विलांस की मदद से मोबाइल फोन की तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि बरामद मोबाइल अलग-अलग जनपदों के लोगों के भी हैं, जिनके फोन देवरिया क्षेत्र से गुम हुए थे। सभी बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को वापस किया जा रहा है।
दिवाली से पहले पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने गुमशुदा मोबाइल फोन की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को राहत दी है। वहीं, पुलिस की सक्रियता और तकनीकी कार्यप्रणाली की भी सराहना हो रही है।
