हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग पर जोर, तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने वालों को किया गया आगाह
गणेश धर द्विवेदी
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को देवरिया में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ हुआ। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने पुलिस कार्यालय परिसर से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी है। वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को सड़क पर सावधानी, संयम और जिम्मेदारी के साथ चलना चाहिए।

उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग नहीं करने तथा जल्दबाजी और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से बचने पर विशेष जोर दिया। चौराहों और तिराहों पर दोनों ओर देखकर ही आगे बढ़ने, बाइक से स्टंट नहीं करने तथा प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग नहीं करने की भी हिदायत दी।
पैदल राहगीरों को जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करने और वाहनों की आवाजाही देखकर सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी, क्षेत्राधिकारी यातायात सत्येंद्र कुमार राय, यातायात प्रभारी, यातायात पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान मौजूद रहे। पुलिस कार्यालय से निकली रैली यातायात कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
देवरिया पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करने की अपील की।
