महिला रिकर्व डबल्स में भारत को मिला पहला पदक, देवरिया के कन्हौली स्थित SSAIT ने भारतीय दल को दी बधाई
गणेश धर द्विवेदी
जापान के आइची-नागोया में आयोजित पांचवें एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय तीरंदाज भावना चौधरी और उनकी जोड़ीदार पूजा जाटयान ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। दोनों खिलाड़ियों ने महिला रिकर्व डबल्स स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि को एशियन पैरा गेम्स के महिला रिकर्व डबल्स वर्ग में भारत का पहला पदक बताया गया है। इस सफलता पर देवरिया के कन्हौली स्थित संजीवा सिंह आर्चरी इंस्टीट्यूट ट्रस्ट (SSAIT) ने दोनों खिलाड़ियों सहित पूरे भारतीय दल को बधाई दी है।
SSAIT और एसबीआई फाउंडेशन के SBIF ACE आर्चरी अकादमी कार्यक्रम से जुड़ी भावना चौधरी की इस उपलब्धि से संस्थान में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के दम पर फाइनल तक का सफर तय किया। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा बनी है।
एशियन पैरा गेम्स में भारत ने भी अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य समेत कुल 114 पदक हासिल किए और पदक तालिका में चौथा स्थान प्राप्त किया।
SSAIT के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी, ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता संजीव कुमार सिंह ने कहा कि भावना की सफलता संस्थान और अकादमी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित प्रशिक्षण, आर्थिक सहयोग और अवसर देने की है।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट का 'मिट्टी से मेडल तक' अभियान गांवों और विद्यालयों से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए संचालित किया जा रहा है। कन्हौली स्थित श्रीनेट ग्लोबल स्कूल, वर्ल्ड आर्चरी स्कूल और SSAIT आर्चरी अकादमी के माध्यम से शिक्षा, छात्रवृत्ति और वैज्ञानिक प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसमें SBI फाउंडेशन और M3M फाउंडेशन का भी सहयोग मिल रहा है।
