टाटा नेक्सान कार में लदी थी अंग्रेजी शराब और बीयर की खेप, नंबर के आधार पर तस्कर की पहचान-गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश

गणेश धर द्विवेदी

जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बनकटा पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक टाटा नेक्सान कार से 50 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। बरामद शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 13.50 लाख रुपये आंकी गई है। हालांकि, पुलिस टीम को देखकर शातिर तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की बिक्री, निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में सोमवार, 2 नवंबर को बनकटा पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने टाटा नेक्सान कार संख्या BR29BK9852 की जांच की। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर बरामद हुई।

बरामद खेप में 45 पेटी ऑफिसर च्वाइस अंग्रेजी शराब शामिल है, जिसमें 180 एमएल के कुल 2160 पाउच मिले। इनकी कुल मात्रा 388.8 लीटर है। इसके अलावा किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल स्ट्रांग बीयर की पांच पेटियां बरामद हुईं, जिनमें 500 एमएल के 120 केन यानी 60 लीटर बीयर थी। इस तरह कुल 448.8 लीटर अवैध शराब और बीयर जब्त की गई। इसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त कार की कीमत लगभग 11 लाख रुपये है।

पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर फरार तस्कर की पहचान कर लेने का दावा किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। मामले में थाना बनकटा पर मुकदमा अपराध संख्या 258/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कांस्टेबल रामसागर गुप्ता और रविंद्र कुमार निषाद शामिल रहे।