पुलिस का शिकंजा : सीएचसी रुद्रपुर में महिला की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा, तीन लाख रुपये में दी गई थी हत्या की सुपारी, 2.50 लाख का हो चुका था भुगतान

गणेश धर द्विवेदी

देवरिया जनपद के रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के कर्मचारी आवास में हुई महिला गुड़िया विश्वकर्मा की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार की रात अवस्थी चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में रामअशीष यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी नरेश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को पहले सीएचसी रुद्रपुर और फिर मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, रुद्रपुर पुलिस अवस्थी चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। ग्राम शिहोरचक के पास एक आरोपी ने पेड़ की आड़ लेकर दोबारा गोली चलाई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रामआशीष ने कथित तौर पर हत्या की सुपारी मिलने का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार 2,50 लाख रुपए पहले दिए जा चुके थे। शेष 50 हजार रुपए लैनै कै लिए साथी नरेश के साथ जा रहा था। पूछताछ में सत्यप्रकाश यादव समेत अन्य की भूमिका सामने आई है।

गौरतलब है कि 25 अक्टुबर को सीएचसी परिसर स्थित आवास में गुड़िया का शव मिला था। इस मामले में मृतका की मां के तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब फरार आरोपी नरेश और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की विवेचना और कानूनी कार्यवाही की जा रही है।