सांसद ने परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी, कहा-इस कठिन समय में सरकार और समाज परिवार के साथ खड़ा है
गणेश धर द्विवेदी
ओमान के निकट वाणिज्यिक पोत पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दिवंगत शिवानंद चौरसिया के परिवार से मिलने पैतृक गांव सुरौली पहुंचे देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने पारिवारिकजन से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। इस मुलाकात में सांसद ने परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
सांसद ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार और समाज परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि यह एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता परिवार की क्षति की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन यह संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़े होने का एक प्रयास है।
सांसद के साथ पहुंचे भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय शाही, जिला महामंत्री प्रमोद शाही, जिला मंत्री डॉ. हेमंत मिश्रा, मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी, मंडल अध्यक्ष राजन यादव, राकेश शुक्ला, सुधीर श्रीवास्तव और अभिषेक मिश्रा ने भी परिवार से मुलाकात की और दिवंगत शिवानंद चौरसिया को श्रद्धांजलि अर्पित कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।
गौर हो कि गत दिनों पूर्व ओमान तट के निकट एक व्यावसायिक पोत पर हुए अमेरिकी हमले में देवरिया जिले के सुरौली गांव निवासी भारतीय नाविक शिवानंद चौरसिया की मृत्यु हो गई थी। पारिवारिकजन के अनुसार करीब सात माह पूर्व वह नौकरी के सिलसिले में घर से गए थे। वह सिंगापुर के एक पोत पर नाविक के पद पर कार्यरत थे। उनका पोत होर्मुज क्षेत्र के निकट से गुजर रहा था तभी हमला हुआ था।
