18 सदस्यीय टीम में आधा दर्जन नहीं, बल्कि 12 खिलाड़ी देवरिया की, राउरकेला में 3 नवंबर से दिखाएंगी दमखम
गणेश धर द्विवेदी
खेल के मैदान में देवरिया की बेटियां लगातार अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। इसी कड़ी में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की महिला हॉकी टीम में जनपद की 12 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला हॉकी प्रतियोगिता के लिए चयनित 18 सदस्यीय टीम में देवरिया की 12 खिलाड़ियों की मौजूदगी ने जिले की खेल प्रतिभा और हॉकी के प्रति बढ़ते रुझान को एक बार फिर साबित कर दिया है।
विश्वविद्यालय की महिला हॉकी टीम के गठन के लिए दो चरणों में ट्रायल आयोजित किया गया था। इसमें शामिल 20 खिलाड़ियों में से बेहतर प्रदर्शन के आधार पर 18 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ियों में देवरिया की कोमल पटेल, अनु पाल, पालक शर्मा, शिवानी चौहान, निक्की विश्वकर्मा, ऋचा गुप्ता, सौम्या सिंह, मीनू चतुर्वेदी, अवशी विश्वकर्मा, सीता, अंजलि भारती और संजना भारती शामिल हैं।
ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 7 नवंबर 2026 तक ओडिशा के राउरकेला स्थित बीजू पटनायक स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए विश्वविद्यालय की महिला हॉकी टीम रवाना हो चुकी है। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
एक ही जनपद की 12 खिलाड़ियों का विश्वविद्यालय की टीम में चयन होना देवरिया के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे जिले की अन्य उभरती महिला खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इस उपलब्धि पर जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार गौड़, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष संजय केडिया, सचिव अकरम सिद्दीकी, हॉकी कोच शकील अहमद, गिरीश सिंह, अवधेश यादव, लालू सिंह यादव, विजयपाल, अशोक सिंह, विकास मिश्रा, फारूक और फैसल सहित वरिष्ठ खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी।
खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि देवरिया की ये बेटियां प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और जनपद का नाम रोशन करेंगी।
