ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत देवरिया पुलिस की प्रभावी पैरवी लाई रंग, न्यायालय ने सुनाया सख्त फैसला

गणेश धर द्विवेदी

अपराधियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान 'ऑपरेशन कन्विक्शन' के तहत देवरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के करीब सात वर्ष पुराने मामले में प्रभावी पैरवी के चलते न्यायालय ने तीन अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही प्रत्येक दोषी पर 50-50 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। शुक्रवार को आए इस फैसले से हत्या के मामले में न्याय की प्रक्रिया को महत्वपूर्ण मुकाम मिला है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना एकौना में वर्ष 2019 में हत्या के आरोप में मुकदमा अपराध संख्या 10/2019 धारा 302 और 34 भारतीय दंड विधान के तहत दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में चल रही थी। इस दौरान 'ऑपरेशन कन्विक्शन' के तहत देवरिया पुलिस ने मुकदमे की प्रभावी पैरवी की और अभियोजन पक्ष की ओर से मजबूत पक्ष रखा गया।

न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर तीनों अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए 30 अक्टूबर 2026 को आजीवन कारावास तथा प्रत्येक को 50 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया।

सजा पाने वालों में प्रमोद यादव पुत्र रामदौर यादव निवासी रानापार, थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर, विजय यादव पुत्र सिकेटरी यादव निवासी फैलहा राघवपट्टी, थाना झंगहा तथा महेश यादव पुत्र रामअशीष यादव निवासी ब्रह्मपुर, थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर शामिल हैं।

इस मामले में प्रभावी पैरवी करने में अपर जिला शासकीय अधिवक्ता नितेश कुमार पाण्डेय, मॉनिटरिंग सेल प्रभारी दुर्गेश कुमार सिंह, कोर्ट मोहर्रिर विनोद कुशवाहा तथा थाना एकौना के पैरवीकार कांस्टेबल अनिल चौधरी का सराहनीय योगदान रहा।

पुलिस अधिकारियों ने इसे अपराधियों को सजा दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए कहा कि गंभीर अपराधों में दोषियों को दंडित कराने के लिए प्रभावी पैरवी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।