पुलिस मुठभेड़ में शूटर गिरफ्तार

गणेश धर द्विवेदी

रुद्रपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर स्थित कर्मचारी आवास में गुड़िया विश्वकर्मा की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि पारिवारिक साजिश के तहत तीन लाख रुपये की सुपारी देकर बाहर से शूटर बुलाए गए थे। हत्या के बाद वारदात को चोरी का रूप देने के लिए कमरे का सामान बिखेर दिया गया था। मामले में पुलिस ने कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य शूटर रामआशीष यादव पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर की रात करीब 12:55 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि सीएचसी रुद्रपुर के कर्मचारी आवास में गुड़िया विश्वकर्मा मृत अवस्था में पड़ी हैं। शुरुआती तौर पर कमरे का सामान बिखरा मिलने से घटना को चोरी के दौरान हत्या का रूप देने की आशंका जताई गई। मामले में मृतका के पति चमनलाल विश्वकर्मा, देवर अभिमन्यु, सास उर्मिला देवी और ननद पूर्णिमा विश्वकर्मा के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 513/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसओजी और रुद्रपुर पुलिस की विवेचना में खुलासा हुआ कि ससुराली पक्ष ने परिचित सत्यप्रकाश यादव के माध्यम से गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र के छपरा निवासी रामआशीष यादव से तीन लाख रुपये में हत्या का सौदा तय किया था। आरोप है कि रामआशीष को ढाई लाख रुपये पहले ही दे दिए गए थे। शेष 50 हजार रुपये हत्या के बाद देने की बात तय हुई थी। 25 अक्टूबर की रात बाहर से बुलाए गए दो लोगों ने रस्सी से गला घोंटकर और हथौड़े से सिर पर प्रहार कर गुड़िया की हत्या कर दी। इसके बाद पूर्णिमा ने कमरे का सामान बिखेरकर चोरी की झूठी कहानी गढ़ने का प्रयास किया।

27 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपितों को घेर लिया। इस दौरान रामआशीष और उसके साथी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में रामआशीष के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस ने हत्या और आपराधिक साजिश की धाराएं 103(1) और 61(2) बीएनएस भी बढ़ाई हैं। वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा और रस्सी बरामद कर आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि मामले का सफल अनावरण कर छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।