एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने और हत्याकांड के सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
गणेश धर द्विवेदी
कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता की निर्मम हत्या के विरोध में देवरिया के अधिवक्ता समाज ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में दी डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, देवरिया की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन भेजकर न्याय और सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता की जिस प्रकार निर्मम हत्या की गई है, उससे संपूर्ण अधिवक्ता समाज आहत, आक्रोशित और भयभीत है। यह घटना केवल एक अधिवक्ता की हत्या नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग अधिवक्ता समाज की सुरक्षा और सम्मान पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
