नागरी प्रचारिणी सभा में जयंती समारोह एवं पुस्तक लोकार्पण, वक्ताओं ने उनके योगदान को किया याद

गणेश धर द्विवेदी

नागरी प्रचारिणी सभा के तत्वावधान में पं. सच्चिदानन्द नाथ त्रिपाठी की जयंती एवं पुस्तक लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने त्रिपाठी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें शिक्षा, राजनीति, समाज निर्माण और भाषा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला बहुआयामी व्यक्तित्व बताया।

मुख्य अतिथि प्रो. जयप्रकाश नारायण द्विवेदी, पूर्व निदेशक द्वारिकाधीश संस्कृत एकेडमी एवं इंडोलॉजिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट, द्वारका (गुजरात) ने कहा कि त्रिपाठी जी में अनेक गुणों का समुच्चय था। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर समाज को नई दिशा दी। मुख्य वक्ता प्रो. श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी, पूर्व कुलपति इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक ने कहा कि सच्चिदानन्द नाथ त्रिपाठी सहज और सुलभ व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने शिक्षा, संस्था निर्माण और स्वभाषा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था को व्यक्तिगत नियंत्रण में रखने के बजाय समाज को समर्पित करना उनकी विशाल हृदयता का परिचायक है।

विशिष्ट वक्ता प्रो. चितरंजन मिश्र ने कहा कि सच्चिदानन्द नाथ त्रिपाठी को याद करना स्वाधीनता आंदोलन और आदर्श जीवन मूल्यों को याद करना है। स्वाधीनता आंदोलन और भाषा आंदोलन का एक-दूसरे से गहरा संबंध रहा है। उन्होंने सभा के विकास में अमूल्य योगदान दिया।

इस अवसर पर सभा के पूर्व मंत्री इन्द्र कुमार दीक्षित द्वारा लिखित पुस्तक 'नागरी प्रचारिणी सभा : इतिहास एवं परिचय' का अतिथियों ने लोकार्पण किया। प्रो. श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी ने कहा कि यह पुस्तक सभा के इतिहास और पूर्वजों के योगदान को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

डॉ. राजेश नाथ त्रिपाठी ने भी अपने विचार रखे और सभा को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दयाशंकर कुशवाहा की वाणी वंदना तथा रन्धा यादव एवं रेनू गुप्ता द्वारा गांधी जी के प्रिय भजन 'रघुपति राघव राजा राम' के गायन से हुआ। सभा के मंत्री डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी ने अतिथियों का परिचय कराया। कोषाध्यक्ष सरोज कुमार पाण्डेय ने आभार व्यक्त किया तथा संचालन डॉ. अभय कुमार द्विवेदी ने किया। अंत में राष्ट्रगान के बाद सभा के आजीवन सदस्य एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के मंत्री रामनिवास पाण्डेय के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। समारोह में बड़ी संख्या में साहित्यकार, शिक्षाविद् एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।