रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर स्थित कर्मचारी आवास में रविवार को एक विवाहिता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गुड़िया विश्वकर्मा (पत्नी चमनलाल) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही रुद्रपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में विवाहिता के ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार 25 अक्टूबर को डायल 112 के माध्यम से थाना रुद्रपुर को सूचना मिली कि सीएचसी के कर्मचारी आवास में गुड़िया विश्वकर्मा मृत अवस्था में पड़ी हैं। सूचना देने वाली पूर्णिमा विश्वकर्मा ने मृतका को अपनी रिश्तेदार बताया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मौत के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस मामले में मृतका की ओर से वादिनी लालती देवी पत्नी स्वर्गीय हरिहर विश्वकर्मा की तहरीर पर रुद्रपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 513/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से विवाहिता की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है।