डीएम ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी
गणेश धर द्विवेदी
जनपद को निपुण बनाने और परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने को लेकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स शिक्षा समिति की बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यालयों में शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। वहीं, रसोइयों के भुगतान और शिक्षकों के देयकों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर बेसिक शिक्षा विभाग के लेखाधिकारी का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि जनपद को निपुण बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम करें। विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति की नियमित निगरानी की जाए। जिन विद्यालयों में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है, वहां विशेष ध्यान देकर शैक्षणिक माहौल बेहतर बनाया जाए। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों, डीसी, एआरपी और एसआरजी को चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही और सुधार में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने निर्देश दिया कि संदर्शिका और निपुण तालिका के अनुरूप बच्चों को पढ़ाया जाए। शिक्षक संकुल के निर्धारित संकेतकों का सभी विद्यालयों में पालन हो तथा संघर्षशील विद्यालयों का नियमित अनुश्रवण कर उनमें सुधार सुनिश्चित किया जाए।
विद्यालयों के कायाकल्प कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को समन्वय बनाकर सभी मानकों को पूरा कराने को कहा। लंबित बाउंड्रीवाल, विद्युतीकरण और बिजली के खंभों की शिफ्टिंग के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अपार आईडी निर्माण में तेजी लाने के लिए प्रत्येक खंड शिक्षा अधिकारी को प्रतिदिन 200 आईडी बनाने का लक्ष्य दिया गया। वहीं, कंपोजिट विद्यालय डुमवलिया और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गौरीबाजार के निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, बीएसए रामजियावन मौर्य, डीआईओएस हरिश्चंद्र नाथ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
