श्रीरामपुर और बनकटा में पुलिस ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
गणेश धर द्विवेदी
प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए देवरिया पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। सोमवार को थाना श्रीरामपुर और बनकटा क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों तथा जुलूस मार्गों की ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना और शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जनपदीय ड्रोन पुलिस टीम ने दोनों थाना क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के चौकी प्रतापपुर कस्बे, आसपास के इलाकों और पंचलड़ी क्षेत्र में प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील स्थानों की हवाई निगरानी की गई। विशेष रूप से उन रास्तों का निरीक्षण किया गया, जहां से जुलूस और प्रतिमा विसर्जन के दौरान लोगों की आवाजाही होनी है।
इसी क्रम में बनकटा थाना क्षेत्र के अक्ताही बाजार कस्बे के प्रमुख मार्गों और महत्वपूर्ण स्थानों पर भी ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। आसमान से लिए गए दृश्यों का बारीकी से अवलोकन कर संबंधित थाना पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया गया। स्थानीय पुलिसकर्मियों को लगातार गश्त करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों के मद्देनजर पूजा पंडालों, मेला स्थलों, विसर्जन घाटों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पैदल गश्त, सघन चेकिंग, यातायात प्रबंधन के साथ सोशल मीडिया और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।
