देवरिया खास स्थित विद्या मंदिर के खेल मैदान पर चल रहे स्व. गिरिजा शंकर बरनवाल फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन

गणेश धर द्विवेदी- फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में सेंट पॉल स्कूल, सलेमपुर ने शानदार खेल कौशल और सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए लिटिल फ्लावर स्कूल, सलेमपुर को पेनल्टी शूटआउट में 4-1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। मंगलवार को दोनों विद्यालयों के बीच खेला गया फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें एक-दूसरे के डिफेंस को भेदने में नाकाम रहीं, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट से विजेता का फैसला हुआ।

मैच की शुरुआत से ही लिटिल फ्लावर स्कूल की टीम ने छोटे-छोटे पास और शानदार तालमेल के दम पर आक्रामक रुख अपनाया। टीम ने लेफ्ट विंग से लगातार हमले किए, लेकिन सेंट पॉल स्कूल की मजबूत रक्षापंक्ति ने विपक्षी खिलाड़ियों के हर प्रयास को नाकाम कर दिया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने गोल करने के लिए कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी टीम गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाने में सफल नहीं हो सकी।

मध्यांतर के बाद दोनों टीमों ने अपनी रणनीति में बदलाव किया। लंबे पास और तेज आक्रमण के जरिए गोल करने की कोशिशें तेज हुईं। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच गेंद पर कब्जे और गोल करने के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। हालांकि निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने के कारण मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में पहुंच गया। यहां सेंट पॉल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन संयम, आत्मविश्वास और सटीक निशाने का परिचय देते हुए 4-1 से जीत दर्ज की।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि हरेंद्र जायसवाल सहित विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य बहादुर सिंह, जिला फुटबॉल संघ के सचिव अजय जायसवाल, अभाविप के विभाग संगठन मंत्री अमर्त्य सुंदरम, जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार गौड़, चिंतामानन्द मल्ल, आशीष जायसवाल, मानवेंद्र प्रजापति, स्टेडियम कोच गिरीश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।