मिनी रॉकेट का हुआ प्रक्षेपण
गणेश धर द्विवेदी
विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, रॉकेट्री और आधुनिक तकनीक की दुनिया से रूबरू कराने के उद्देश्य से शनिवार को बरपार स्थित जागृति उद्यम केंद्र-पूर्वांचल के बरगद सभागार में कैनसैट एवं रॉकेट्री कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने रॉकेट प्रक्षेपण, पैराशूट तकनीक, उपकरणों की कार्यप्रणाली और रोबोटिक्स के विभिन्न पहलुओं को करीब से समझा। कार्यक्रम के अंत में मिनी मॉडल रॉकेट का सफल प्रक्षेपण भी किया गया, जिसे देखकर विद्यार्थी उत्साहित नजर आए।
कार्यशाला में केआइपीएम गोरखपुर के टीम लीडर सिद्धांश पांडेय ने कैनसैट और रॉकेट्री की तकनीकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि रॉकेट प्रक्षेपण से लेकर पैराशूट के माध्यम से उपकरणों की सुरक्षित वापसी तक कई वैज्ञानिक प्रक्रियाएं जुड़ी होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को कैनसैट एवं रॉकेट्री प्रतियोगिताओं के बारे में भी विस्तार से बताया। वहीं, गुआवाबॉट स्टार्टअप की मुख्य कार्यकारी अधिकारी राशि गुप्ता ने रोबोटिक्स तकनीक की उपयोगिता और भविष्य में इसकी बढ़ती संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को रॉकेट के अंतरिक्ष की ओर प्रक्षेपित होने, पैराशूट खुलने और उपकरणों के सुरक्षित नीचे उतरने से संबंधित वीडियो भी दिखाए गए। स्टार्टअप के सदस्य धीरज ने तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी देकर विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को समझाया।
जागृति के असिस्टेंट प्रोग्राम मैनेजर अनुराग तिवारी ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तकनीकी ज्ञान को बढ़ावा देना है। ऐसी कार्यशालाओं से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिलता है और वे विज्ञान के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं को समझ पाते हैं।
इस अवसर पर जागृति उद्यम मित्र अभिनव त्रिपाठी और कल्याण ने लघु मॉडल रॉकेट का प्रक्षेपण किया। कार्यक्रम में सनबीम स्कूल के शिक्षक विंध्येश्वर, नाथ त्रिपाठी, अनामिका पांडेय, मनीष गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
