‘जाग रे पंछी’ के लोकार्पण संग गोष्ठी में गूंजीं संवेदनाएं
गणेश धर द्विवेदी
नागरी प्रचारिणी सभा, देवरिया द्वारा आयोजित द्वितीय रविवारीय कवि गोष्ठी में साहित्य, संवेदना और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। विविध रस, छंद और अलंकारों से सुसज्जित कविताओं और गजलों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान कवयित्री अंजनी द्विवेदी के काव्य संग्रह ‘जाग रे पंछी’ का भव्य लोकार्पण भी किया गया।
गोष्ठी में छेदी प्रसाद गुप्त ‘विवश’ ने एक सैनिक की पत्नी की भावनाओं को मार्मिक शब्दों में व्यक्त कर श्रोताओं को भावुक कर दिया। गोरखपुर से आए मुक्तिनाथ त्रिपाठी ने अपनी रचना ‘‘जमींदोज वही, वटवृक्ष वही’’ के माध्यम से गहन संवेदनाओं को अभिव्यक्ति दी। प्रसिद्ध गजलकारा अंजलि अरोड़ा ‘खुशबू’ ने अपनी गजल के जरिए अध्यात्म का संदेश दिया, जबकि पार्वती देवी ‘गौरा’, ताज मोहम्मद सिद्दीकी और व्यंग्यकार योगेन्द्र तिवारी ‘योगी’ ने भी अपनी रचनाओं से खूब वाहवाही बटोरी।
मुख्य अतिथि महेंद्र राय ने नागरी प्रचारिणी सभा के साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्था हिंदी भाषा और साहित्य के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने साहित्यकारों के प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर अंजनी द्विवेदी की काव्य कृति ‘जाग रे पंछी’ का लोकार्पण खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्र, मुख्य अतिथि महेंद्र राय, कार्यक्रम अध्यक्ष इन्द्र कुमार दीक्षित, मंत्री डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी व सरोज कुमार पाण्डेय के करकमलों से किया गया। अंजनी द्विवेदी ने कहा कि लेखन उनके भावों और विचारों की अभिव्यक्ति का माध्यम है। पुस्तकों के विक्रय से प्राप्त धनराशि को वह जनकल्याण के कार्यों में समर्पित करती हैं।
मानवदीप सेवा संस्थान की ओर से अंजनी द्विवेदी ने अनेक साहित्यकारों को स्मृति चिन्ह एवं उत्तरीय प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं काव्यांगन संस्था की ओर से मुक्तिनाथ त्रिपाठी ने भी विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षमा श्रीवास्तव एवं रामेश्वर तिवारी ‘राजन’ द्वारा सरस्वती वंदना से हुआ। मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुई गोष्ठी का प्रभावी संचालन कवयित्री प्रीति पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में साहित्यकार, कवि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
