सर्राफा कारोबारियों से किया सीधा संवाद, सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने के निर्देश; रेलवे स्टेशन की सुरक्षा भी परखी

गणेश धर द्विवेदी

आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने पुलिस बल के साथ सलेमपुर कस्बे के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अचानक पुलिस अधिकारियों की सक्रियता से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल देखने को मिला।

पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव कुमार सिंह और स्थानीय पुलिस टीम के साथ प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सर्राफा कारोबारियों और अन्य व्यापारियों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान बाजारों में पुलिस की निगरानी और गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि चोरी, लूट, छिनैती और टप्पेबाजी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

एसपी ने व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हर समय क्रियाशील रखने और रिकॉर्डिंग की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।

इसके बाद एसपी ने सलेमपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर, प्रवेश और निकास मार्गों सहित आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था परखी। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को यात्रियों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।

एसपी ने थाना सलेमपुर पुलिस को बाजारों और सर्राफा प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच तथा व्यापारियों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस की इस सक्रियता को त्योहारों के दौरान अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।