स्वर्गीय गिरिजा शंकर बरनवाल की स्मृति में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता : सेमीफाइनल में लिटिल फ्लावर सलेमपुर ने 2-1 से दर्ज की शानदार जीत, दूसरे मुकाबले में 1-1 की बराबरी के बाद दोनों टीमें अयोग्य घोषित
गणेश धर द्विवेदी
क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में स्वर्गीय गिरिजा शंकर बरनवाल की स्मृति में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मुकाबला सोमवार को सरस्वती विद्या मंदिर, देवरिया के मैदान पर खेला गया। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में लिटिल फ्लावर स्कूल सलेमपुर ने सेंट पॉल एकेडमी सलेमपुर को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में अनुशासनहीनता के चलते देवरिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर की टीमों को प्रतियोगिता से अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके बाद अब लिटिल फ्लावर और सेंट पॉल के बीच खिताबी मुकाबला होगा।
पहले सेमीफाइनल में दोनों टीमों के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। लिटिल फ्लावर के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही छोटे-छोटे पास के जरिए आक्रामक खेल दिखाया। मैच के 20वें मिनट में जर्सी नंबर चार अंशुमान चौहान ने शानदार शॉट लगाकर टीम को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद 27वें मिनट में जर्सी नंबर तीन असीम सैद ने दूसरा गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। मध्यांतर के बाद सेंट पॉल ने वापसी की कोशिश की और 54वें मिनट में प्रवीण कुमार ने हेडर से गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। हालांकि, लिटिल फ्लावर की टीम ने बढ़त बरकरार रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेमीफाइनल में देवरिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर की टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। इसी दौरान मैदान पर दोनों टीमों की ओर से अनुशासनहीनता किए जाने पर कमेटी और रेफरी ने कड़ा रुख अपनाया। खेल की मर्यादा बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों टीमों को प्रतियोगिता से अयोग्य घोषित कर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गोरक्ष प्रांत के सह प्रांत प्रचारक सुरजीत जी रहे। विशिष्ट अतिथि जिला प्रचारक आकाश जी, सह जिला संघचालक अवनीश बरनवाल तथा बीआरडी पीजी कॉलेज के प्रोफेसर अभिनव सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
