गणेश धर द्विवेदी- मौसम की बेरुखी ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के चलते खेतों में पककर तैयार होने की कगार पर पहुंची धान की फसल जमीन पर बिछ गई है। कहीं धान की बालियां पानी में डूबी हैं तो कहीं पूरी फसल खेतों में चादर की तरह बिछी नजर आ रही है। खेतों की यह तस्वीर देखकर किसानों के चेहरे पर चिंता और मायूसी साफ झलक रही है। जिस फसल को देखकर किसान अच्छी पैदावार और घर में खुशहाली के सपने संजो रहे थे, वही अब उनकी चिंता का कारण बन गई है।
किसानों ने धान की खेती में बीज, खाद, दवा, सिंचाई और मजदूरी पर अपनी जमा पूंजी लगा दी थी। दिन-रात मेहनत कर फसल को तैयार किया। उम्मीद थी कि इस बार अच्छी पैदावार होगी और धान की बिक्री से खेती की लागत निकलने के साथ ही परिवार की जरूरतें भी पूरी होंगी। लेकिन मौसम ने ऐन वक्त पर ऐसी करवट बदली कि खेतों में खड़ी फसल धराशायी हो गई।



धान की फसल गिरने से बालियों के दाने प्रभावित होने की आशंका है। खेतों में पानी भरने और फसल के लंबे समय तक जमीन पर पड़े रहने से दानों के खराब होने, अंकुरित होने तथा गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा भी बढ़ गया है। इससे किसानों को उपज का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद भी कमजोर पड़ रही है।
किसानों का कहना है कि खेती पहले से ही महंगी होती जा रही है। डीजल, खाद, बीज और मजदूरी के बढ़ते खर्च ने कमर तोड़ रखी है। ऐसे में प्राकृतिक आपदा ने उनकी आर्थिक मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
अब किसानों की निगाहें प्रशासन और कृषि विभाग पर टिकी हैं। किसानों ने खेतों में गिरी फसल का स्थलीय सर्वेक्षण कराकर नुकसान का आकलन करने तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। अन्नदाता का सवाल है कि जब मौसम की मार से उनकी मेहनत बर्बाद हो गई, तो उनके नुकसान की भरपाई कौन करेगा?
