देवरिया जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ के नेतृत्व में ट्रेन से दिल्ली को रवाना हुए सैकड़ों कार्यकर्ता, राहुल गांधी के समर्थन में दिखा जोश

गणेश धर द्विवेदी

लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की आयोजित राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने के लिए शुक्रवार को देवरिया से कांग्रेसियों का बड़ा जत्था दिल्ली रवाना हुआ। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता देवरिया रेलवे स्टेशन से ट्रेन के माध्यम से दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस दौरान स्टेशन पर कांग्रेसियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

दोपहर एक बजे से ही रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर कार्यकर्ताओं का जुटान शुरू हो गया। हाथों में पार्टी का झंडा, सिर पर गांधी टोपी और जुबां पर पार्टी के समर्थन में नारे लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पूरे प्लेटफार्म को कांग्रेसमय बना दिया। ट्रेन के पहुंचते ही ‘कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद’, ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ और ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ के नारों से स्टेशन गूंज उठा।

दिल्ली रवाना होने से पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि एक नवंबर को ऐतिहासिक रामलीला मैदान में होने वाली महारैली महज राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का व्यापक अभियान है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में वोट की चोरी के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर सड़क से संसद तक संघर्ष कर रही है। देवरिया का प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता इस लड़ाई में पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी 16 ब्लॉकों, नगर पंचायतों, शहर और न्याय पंचायतों से कार्यकर्ता स्वेच्छा से महारैली में भाग लेने दिल्ली जा रहे हैं। जत्थे में जिला उपाध्यक्ष अरविंद शाही, भरत मणि त्रिपाठी, जुलेखा खातून, रामाशीष साहनी, अब्दुल जब्बार, जिला महासचिव रत्नेश मल्ल पिंटू, मधु देवी, निर्मला वर्मा, शहर अध्यक्ष मिर्जा खुर्शीद अहमद बेग समेत अनेक पदाधिकारी शामिल रहे। युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली से लौटने के बाद महारैली का संदेश जिले के प्रत्येक गांव और बूथ तक पहुंचाया जाएगा तथा संगठन को और मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।