महिला पहलवानों के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा, विजेता पहलवानों को किया गया पुरस्कृत

गणेश धर द्विवेदी-

सदर विकास खंड के भलुवा गांव स्थित ब्रह्मस्थान परिसर में सोमवार को दंगल कमेटी भलुवा की ओर से पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के साथ गोरखपुर और महराजगंज के पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने दांव-पेच और दमखम का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे रहे।

दंगल का शुभारंभ गांव के वरिष्ठ नागरिक दयाशंकर उपाध्याय ने बजरंगबली के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि कुश्ती केवल खेल नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन परंपरा, अखाड़ों की संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। यह खेल अनुशासन, संयम, धैर्य और भाईचारे की सीख देता है। समाजसेवी पंजाब मिश्रा और शिक्षक नेता फणीन्द्र मणि ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है कि उभरते पहलवानों को उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे जिला, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में गोरखपुर के धनंजय यादव ने गैयापार के सिकंदर यादव को हराया। दूसरे मुकाबले में पिपरा देवरिया के विक्की सिंह ने महराजगंज के विशाल को पराजित किया। तीसरे मुकाबले में देवरिया के विराज यादव ने गोरखपुर के धनंजय सिंह को शिकस्त दी। वहीं चौथे मुकाबले में देवरिया के ऋषिकेश यादव ने गैयापार के सोनू पहलवान को हराया। महिला पहलवानों के मुकाबले में देवरिया की नेहा यादव और गोरखपुर की आकृति सिंह के बीच कड़ा संघर्ष हुआ, जो बराबरी पर समाप्त हुआ।

मुकाबलों के दौरान दर्शक तालियों और उत्साहवर्धन से पहलवानों का हौसला बढ़ाते रहे। रेफरी की भूमिका पूर्व जिला केसरी पन्नेलाल यादव और रणजीत यादव ने निभाई। संचालन जिला अध्यक्ष प्रधान संघ अमरेंद्र यादव ने किया। अंत में आयोजक एवं संयोजक दुर्गमान यादव उर्फ गुड्डू यादव और शिवशंकर दुबे ने अतिथियों, पहलवानों तथा दर्शकों के प्रति आभार जताया। इस दौरान हरेन्द्र यादव, अशोक उपाध्याय, ददन यादव, केदार दुबे, विजय यादव, धनंजय कमलाकर, राजेंद्र यादव, अशोक मिश्रा, राजेश यादव, विष्णुदत्त द्विवेदी सहित कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।