कई देशों में अलर्ट, भवनों को नुकसान, जनहानि और ऊंची समुद्री लहरों की आशंका से बढ़ी चिंता
सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली
दक्षिणी फिलीपींस के मिंडानाओ तट के पास सोमवार को आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने पूरे प्रशांत क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। भूकंप के बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया, जापान समेत कई देशों और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने सुनामी की चेतावनी जारी कर दी है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार इस आपदा में कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि कई इलाकों में इमारतों और मकानों को नुकसान पहुंचा है।
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 7:37 बजे आया। इसका केंद्र मिंडानाओ क्षेत्र के निकट समुद्री इलाके में स्थित था। विभिन्न एजेंसियों की प्रारंभिक रिपोर्टों में भूकंप की गहराई जमीन के नीचे काफी कम बताई गई है, जिससे समुद्र में बड़ी लहरें उठने की आशंका बढ़ गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि कम गहराई पर आने वाले शक्तिशाली भूकंप अक्सर सुनामी का कारण बन सकते हैं।
भूकंप के बाद अमेरिकी और प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्रों ने समुद्री तटों पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। एजेंसियों का अनुमान है कि कई तटीय क्षेत्रों में एक मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठ सकती हैं और समुद्र में असामान्य हलचल अगले कई घंटों तक जारी रह सकती है।
फिलीपीन ज्वालामुखी विज्ञान एवं भूकंप विज्ञान संस्थान (फिवोल्क्स) ने भी भूकंप की तीव्रता 7.8 दर्ज करते हुए संभावित सुनामी को लेकर चेतावनी जारी की है। संस्था ने कहा है कि कई तटीय इलाकों में एक मीटर से अधिक ऊंची लहरें पहुंच सकती हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका है। कुछ स्थानों पर भवनों में दरारें पड़ने और घरों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें भी सामने आई हैं।
फिलीपींस के अधिकारियों ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की अपील की है। फिवोल्क्स के प्रमुख टेरेसिटो बाकोलकोल ने कहा कि समुद्र तटों के पास रहने वाले लोग समय गंवाए बिना ऊंचे स्थानों या अंदरूनी इलाकों की ओर चले जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि संभावित सुनामी को हल्के में लेना खतरनाक साबित हो सकता है।
इंडोनेशिया ने भी कई संवेदनशील क्षेत्रों के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय मौसम एजेंसी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि बोर्नियो द्वीप के कालीमंतन क्षेत्र तथा सुलावेसी के कुछ हिस्सों में तीन मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका है। स्थानीय प्रशासन को एहतियाती कदम उठाने और तटीय आबादी को सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय रेडियो नेटवर्क डीजेडआरएच की रिपोर्ट के अनुसार दक्षिणी फिलीपींस के जनरल सैंटोस शहर में एक इमारत का हिस्सा ढह गया। कई अन्य क्षेत्रों से भी संरचनात्मक नुकसान की खबरें मिली हैं। राहत एवं बचाव एजेंसियां प्रभावित इलाकों में स्थिति का आकलन कर रही हैं।
भूकंप के झटके इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी और उत्तरी मलुकु प्रांतों तक महसूस किए गए। इसके अलावा ताइवान, जापान, गुआम, पापुआ न्यू गिनी तथा पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र के कई द्वीपीय देशों और क्षेत्रों में भी छोटी सुनामी लहरें पहुंचने की आशंका जताई गई है। समुद्री गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है
