सोशल मीडिया पर बांसगांव विधानसभा क्षेत्र से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सदल प्रसाद और देवरिया सदर से पूर्व प्रत्याशी मुकुंद भास्कर के नाम की चर्चा तेज
गणेश धर द्विवेदी
यूपी विधानसभा चुनाव-2027 : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपने-अपने दांव-पेंच के साथ अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर जहां सियासी चर्चाएं जोर पकड़ रहीं हैं, वहीं सोशल मीडिया पर कांग्रेस का एक बड़ा दांव सामने आया है, जिसने इलाके की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
सच्चाई क्या है यह तो वक्त बताएगा, लेकिन कांग्रेस के इस दांव को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कहां यह जा रहा है कि सपा-कांग्रेस गठबंधन में कांग्रेस के खाते में दो महत्वपूर्ण सीटें संभावित हैं। यहीं नहीं सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं की मानें तो इन दो सीटों में बांसगांव और देवरिया सदर विधानसभा की सीट पर उम्मीदवारों के नाम भी सामने आ गए हैं।
चर्चाओं पर गौर करें तो, कांग्रेस की ओर से बांसगांव विधानसभा क्षेत्र से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सदल प्रसाद और देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मुकुंद भास्कर मणि त्रिपाठी के नाम संभावित उम्मीदवारों के रूप में सामने आ रहे हैं। बांसगांव लोकसभा क्षेत्र से पूर्व में कांग्रेस प्रत्याशी रहे सदल प्रसाद को विधानसभा चुनाव में भी पार्टी का संभावित चेहरा बनाए जाने की चर्चा है। वहीं, देवरिया सदर सीट से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मुकुंद भास्कर मणि त्रिपाठी के नाम की चर्चा ने स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों को और तेज कर दिया है।
यदि इन चर्चाओं को अंतिम रूप मिलता है, तो कांग्रेस देवरिया सदर और बांसगांव क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर आगे बढ़ सकती है। दोनों संभावित नामों को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच भी उत्सुकता देखी जा रही है।
हालांकि, अभी तक कांग्रेस की ओर से इन नामों या सीटों के संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में अंतिम निर्णय गठबंधन में सीटों के बंटवारे और पार्टी नेतृत्व की सहमति के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल संभावित प्रत्याशियों को लेकर चल रही चर्चाओं ने इलाके और पूर्वांचल की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
