जनगणना प्रशिक्षण के द्वितीय बैच का समापन, संत रविदास शिक्षा सहायता योजना का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने की अपील
गणेश धर द्विवेदी
जनगणना किसी भी देश के विकास और तरक्की की रीढ़ होती है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश की आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी विकास योजनाओं की दिशा तय करते हैं। ऐसे में जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में शिक्षकों की भूमिका बेहद अहम है। सभी शिक्षक पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और शुद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। यह बातें खंड शिक्षा अधिकारी देव मुनि वर्मा ने कहीं।
वह सदर बीआरसी स्थित शिक्षक भवन में जनगणना प्रशिक्षण के द्वितीय बैच के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सरकार ने आगामी जनगणना-2027 की तिथियों की घोषणा की है। इसके तहत मुख्य जनसंख्या गणना का कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं का आधार बनते हैं।
इस दौरान उन्होंने शिक्षकों से गांव के पात्र विद्यार्थियों को संत रविदास शिक्षा सहायता योजना का लाभ दिलाने की भी अपील की। उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत आधार कार्ड धारक विद्यार्थियों को निर्धारित आयु एवं कक्षा के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। एक अभिभावक के अधिकतम दो बच्चों को योजना का लाभ मिल सकेगा। कक्षा एक से पांच तक दो हजार, कक्षा छह से दस तक 2500 तथा कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को तीन हजार रुपये एकमुश्त सहायता मिलेगी। इसके अलावा निर्धारित कक्षाओं में उत्तीर्ण होकर अगली कक्षा में प्रवेश लेने पर साइकिल खरीदने के लिए भी सहायता का प्रावधान है।

उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम पात्र विद्यार्थी तक पहुंचाने के लिए शिक्षक समुदाय प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्रभारी विवेक कुमार, डॉ. आलोक पांडेय, बृजेश मणि, दुर्गमान, अशोक मल्ल, मकरध्वज यादव, जयप्रकाश, शशिकला पटेल, प्रतिमा मिश्रा, राकेश सिंह और रोशनी तिवारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
