डीआईजी एस. चनप्पा ने पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, बाजारों से लेकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तक बढ़ाई जाएगी सतर्कता
गणेश धर द्विवेदी
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को पुलिस लाइन देवरिया के मनोरंजन कक्ष में गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक एस. चनप्पा ने पुलिस अधिकारियों के साथ गोष्ठी कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर सहित जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी थाना प्रभारी और प्रभारी निरीक्षक गूगल मीट के माध्यम से जुड़े। डीआईजी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में प्रभावी पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए। स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की तैयारी पहले से पूरी रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। आमजन की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।

डीआईजी ने छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेने, उसका तत्काल सत्यापन करने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और आयोजन समितियों से निरंतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखने को भी कहा, ताकि त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द और विश्वास का माहौल कायम रहे। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।
