महिलाओं की सुरक्षा को लेकर देवरिया पुलिस की बड़ी पहल, डीआईजी ने क्यूआर कोड चस्पा कर किया डिजिटल सत्यापन अभियान का शुभारंभ

गणेश धर द्विवेदी

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने तथा ई-रिक्शा से जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए देवरिया पुलिस ने एक नई डिजिटल पहल शुरू की है। अब जिले में संचालित ई-रिक्शा वाहनों की पहचान और उनके चालकों का सत्यापन क्यूआर कोड के माध्यम से किया जाएगा। यात्री ई-रिक्शा पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर वाहन के पंजीकरण और चालक से संबंधित जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

गुरुवार को यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत पुलिस लाइन देवरिया में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर के निर्देशन में पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा ने ई-रिक्शा पर क्यूआर कोड चस्पा कर इस अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विकसित इस व्यवस्था के तहत अब तक जिले के 3,737 ई-रिक्शा वाहनों और 3,759 चालकों का पंजीकरण किया जा चुका है। प्रत्येक ई-रिक्शा के लिए अलग क्यूआर कोड तैयार किया गया है। वाहन पर बाहर की तरफ वाहन संबंधी और अंदर चालक संबंधी क्यूआर कोड लगाया जाएगा। इसे स्कैन करते ही यात्रियों को संबंधित वाहन और चालक की सत्यापित जानकारी मिल सकेगी। इस जानकारी को यात्री अपने परिजनों के साथ व्हाट्सएप के माध्यम से भी साझा कर सकेंगे।

इस पहल का विशेष लाभ महिलाओं, बालिकाओं और बुजुर्गों को मिलेगा। यात्रा से पहले वाहन और चालक की पहचान सुनिश्चित होने से यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा। किसी संदिग्ध गतिविधि या शिकायत की स्थिति में पुलिस को भी संबंधित वाहन और चालक की पहचान करने में आसानी होगी। वहीं मिशन शक्ति फेज-6 के तहत ई-रिक्शा चालकों को महिला सुरक्षा, सहायता और महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए पंपलेट भी वितरित किए गए। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ई-रिक्शा में बैठने से पहले क्यूआर कोड स्कैन कर जानकारी अवश्य प्राप्त करें और सुरक्षित यात्रा के लिए दूसरों को भी जागरूक करें।