पूर्व उप-मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने किया सम्मानित, अब तक विश्व के 10 देशों में हो चुकी हैं सम्मानित
LUCKNOW : साहित्य सृजन के लिए केंद्र सरकार की सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाली डॉ. अंजना सिंह सेंगर को उत्तर प्रदेश के पूर्व उप-मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने साहित्य गौरव सम्मान से अलंकृत किया। उनको यह सम्मान साहित्य के प्रति उनकी सेवा और समर्पण को ध्यान में रखते हुए प्रदान किया गया है।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित अन्तर्राष्ट्रीय बौध्द शोध संस्थान के सभागार में एवॉर्ड काउन्सिल ऑफ इण्डिया ने गत दिनों प्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए एक सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया। इस समारोह में प्रदेश का सम्मान और गौरव बढ़ाने वाली लब्धप्रतिष्ठ विभूतियों को सम्मानित करने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के पूर्व उप-मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा उपस्थित रहे।
एवॉर्ड काउन्सिल ऑफ इण्डिया ने डॉ. अंजना सिंह सेंगर को उनकी साहित्य साधना एंव सेवा के लिए साहित्य गौरव सम्मान से सम्मानित किया, डॉ. अंजना सिंह सेंगर को यह सम्मान पूर्व उप-मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ.दिनेश शर्मा ने प्रदान किया।
संस्था के अध्यक्ष सुभाष भल्ला ने बताया कि डॉ. सेंगर ने साहित्य लेखन के लिए केंद्र सरकार की सेवा से त्यागपत्र देकर साहित्य साधना के विगत आठ वर्षों में स्वालिखित अनेकों पुस्तकों का लेखन किया है। जिसमें उनके एक गजल संग्रह ‘’अगर तुम मुझसे कह देते’’ को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भी पुरस्कृत किया गया है, वहीं उनके एक और गजल संग्रह ’यादों की रियासत’ का लोकार्पण मॉरीशस के राष्ट्रपति द्वारा विश्व हिन्दी सचिवालय मॉरीशस में किया गया।
उन्होने बताया कि डॉ. सेंगर ने विलुप्त हो रही छन्द परम्परा को जीवित रखने के लिए माता सीता पर भी एक खण्ड काव्य “विदग्ध वनदेवी” हरिपद छन्द में लिखा है। इसी के साथ डॉ. अंजना सिंह सेंगर को अमेरिका, फ्रांस, दुबई, मॉरीशस, मलेशिया, इण्डोनेशिया, कम्बोडिया, म्यांमार, नेपाल और श्रीलंका आदि देशों में भी साहित्य सेवा के लिए सम्मानित किया गया है।
