मिशन शक्ति टीमों का पैदल मार्च, महिलाओं और बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

गणेश धर द्विवेदी

शारदीय नवरात्रि के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए देवरिया पुलिस सक्रिय हो गई है। मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास पैदल मार्च कर रही हैं। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सुरौली की मिशन शक्ति प्रभारी ममता मिश्रा के नेतृत्व में महिला सुरक्षा दल ने पकड़ी बाजार और पैकौली बाजार सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर भ्रमण किया। टीम ने बाजार पहुंचीं महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने उन्हें छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार अथवा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।

जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं को वुमेन पावर लाइन 1090 और आपातकालीन पुलिस सहायता नंबर 112 की उपयोगिता भी बताई गई। पुलिस टीम ने लोगों से आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने तथा किसी अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

इसी क्रम में थाना बनकटा की मिशन शक्ति टीम ने भी अपने क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। टीम ने हेल्पलाइन नंबरों के इस्तेमाल और जरूरत पड़ने पर पुलिस से सहायता लेने के बारे में जागरूक किया।

देवरिया पुलिस की ओर से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी की जा रही है। त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है, ताकि महिलाएं और बालिकाएं बिना किसी भय के पूजा-पाठ, खरीदारी और अन्य गतिविधियों में हिस्सा ले सकें।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिला सुरक्षा से संबंधित किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।