देवरिया में समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर जताई खुशी
गणेश धर द्विवेदी
समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर प्रियांशुराज यादव के मनोनयन से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उनके मनोनयन को संगठन की मजबूती और युवाओं को नई ऊर्जा देने वाला कदम बताते हुए समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की। मंगलवार, 13 अक्टूबर को कचहरी रोड स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रणवीर यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रियांशुराज यादव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त किया गया। कार्यकर्ताओं ने इसे जनपद के युवाओं और समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों के लिए गौरव का विषय बताया। कहा कि प्रियांशुराज यादव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना उनके सांगठनिक अनुभव, सक्रियता और पार्टी के प्रति निष्ठा का परिचायक है। उनके नेतृत्व क्षमता और संगठन के प्रति समर्पण से समाजवादी युवजन सभा को नई दिशा मिलेगी। साथ ही जनपद में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को और गति मिलेगी।
रणवीर यादव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से देवरिया के युवाओं का मनोबल बढ़ेगा। इससे युवाओं को संगठन से जोड़ने, उनकी समस्याओं को उठाने और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रियांशुराज यादव अपनी नई जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बैठक में कार्यकर्ताओं ने प्रियांशुराज यादव के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि उनके मनोनयन से समाजवादी युवजन सभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर शिवनाथ यादव, नितेश यादव, अभयशंकर, मंटू यादव, जितेंद्र, शिवानंद, इमरान लारी, रामबृक्ष राजभर, वसिष्ठ यादव, शाकिर अली, अनिल, पवन मिश्रा, सन्नी प्रभात, सुनील, मनीष सैथवार, अविनाश सिंह, अब्दुल्लाह शेख, जयराम यादव, रामविश्वास, विकास और हजरत अंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
