यूपी के महराजगंज की मिठौरा ब्लॉक की सेखुई ग्राम पंचायत के निवासी अधिवक्ता गंगा विष्णु देव पांडेय ने स्वास्थ्य विभाग के उपकेंद्र के निर्माण के लिए अपनी बहुमूल्य भूमि दान कर समाजसेवा का एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है

 अमर हिंदुस्तानी

सनातन परंपरा त्याग की परंपरा है, जो जितना दे सके वह उतना महान। आज के समय में जहां चारों तरफ अधिक से अधिक हड़प लेने की प्रवृत्ति दिख रही है। लोग लोभ में इतने अंधे हो चुके हैं कि क्रूरता की सारी हदें पार कर चुके हैं, ऐसे में वहीं कहीं कोई व्यक्ति इस तरह खड़ा हो और समाज के हित के लिए सदकार्य में अपनी करोड़ों की जमीन मासूम गरीब लोगों के स्वास्थ्य रक्षा हेतु अस्पताल बनाने के लिए अर्पित कर दे तो यह बात आश्चर्यचकित कर देनें वाली बात है, क्योंकि निस्वार्थ सेवाओं का समय समाप्त हो चुका है। यह सुखद है कि हम अपने सामने ऐसे उदाहरण देख पा रहे हैं।

यूपी के महराजगंज में त्याग परंपरा का एक जीवंत उदाहरण सामने आया है। इस जनपद के मिठौरा ब्लॉक की सेखुई ग्राम पंचायत के निवासी अधिवक्ता गंगा विष्णु देव पांडेय ने स्वास्थ्य विभाग के उपकेंद्र के निर्माण के लिए अपनी बहुमूल्य भूमि, जिसकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है, दान कर समाजसेवा का एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस निर्णय से न केवल उनकी सामाजिक प्रतिबद्धता दिखी है, बल्कि उस क्षेत्र में स्वास्थ्य उपकेंद्र को स्थायी आधार एवं भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है।

प्रधान प्रशासक सरिता पटेल नें गंगा विष्णु देव पाण्डेय के इस योगदान की प्रसंशा करते हुए इस कार्य को प्रेरक औऱ अनुकरणीय बताया। उन्होंने इसे क्षेत्रवासियों के लिए हित के लिए किया गया महत्वपूर्ण कार्य बताया। प्रधान प्रशासक ने कहा कि इस निर्णय पर क्षेत्र वासियों की भी प्रतिक्रिया मिली है औऱ उनमें काफ़ी हर्ष औऱ गर्व है।

"गांव और समाज ने जीवन में बहुत कुछ दिया है। ऐसे में यदि उनकी भूमि पर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होता है और जरूरतमंद लोगों को बेहतर उपचार मिल पाता है, तो इससे बड़ी संतुष्टि भला औऱ क्या हो सकती है।"- गंगा विष्णु देव पांडेय