गणेश धर द्विवेदी
अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने रविवार को देवरिया में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सीधा संवाद करते हुए आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जन-जन तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का आह्वान किया।
विपक्ष पर साधा निशाना, बताया स्वार्थी
केंद्रीय मंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में दलितों और पिछड़ों के कल्याण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए, और अब वे 'पीडीए' का नारा देकर जनता को गुमराह करने में जुटे हैं। कांग्रेस व सपा पर स्वार्थ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि दोनों दलों का ध्येय केवल अपना राजनीतिक फायदा साधना रहा है।


समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना लक्ष्य
अनुप्रिया पटेल ने स्पष्ट किया कि अपना दल (एस) दलितों, शोषितों, पिछड़ों और समाज के कमजोर वर्गों के साथ-साथ सर्व समाज की सच्ची हितैषी है। पार्टी का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की विकास व कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देने का निर्देश दिया।
NDA के साथ अटूट रिश्ता
अनुप्रिया पटेल ने दोहराया कि उनका दल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ मजबूती से खड़ा है और 2027 के चुनाव में भी एनडीए भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगा।
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष अरुण सिंह पटेल, प्रदेश महासचिव अरविंद सिंह पटेल और कौशल सिंह पटेल सहित दर्जनों पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री का चांदी का मुकुट पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान संगठन को गतिशील बनाने और चुनावी तैयारियों पर गहन मंथन हुआ।
