हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, पंपलेट बांटकर महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक
गणेश धर द्विवेदी
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देवरिया पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 और शक्ति दीदी अभियान के तहत बुधवार को जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, बस स्टैंड और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान के दौरान महिलाओं, छात्राओं और बच्चियों को पंपलेट वितरित कर सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा महिला सुरक्षा के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। पुलिस टीमों ने उन्हें किसी भी परेशानी की स्थिति में उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
बरहज थाना क्षेत्र में उपनिरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने बस स्टैंड और कस्बे में जागरूकता अभियान चलाया। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुर में उपनिरीक्षक जीत बहादुर यादव के नेतृत्व में टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। वहीं, भलुअनी थाना क्षेत्र में उपनिरीक्षक आशीष तिवारी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने कस्बे में पंपलेट बांटकर लोगों को जागरूक किया।
पुलिस टीमों ने डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 के उपयोग की जानकारी दी। वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं के बारे में भी बताया गया। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने अभियान चलाया। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के साथ उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
