- बलूचिस्तान के चमन फाटक इलाके में दहला देने वाला हमला
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ। क्वेटा शहर के चमन फाटक इलाके में एक यात्री ट्रेन के पास हुए भीषण विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इंजन समेत तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि दो डिब्बे पलट गए। हादसे के बाद ट्रेन के एक डिब्बे में आग लग गई और देखते ही देखते आसपास धुएं का गुबार फैल गया। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक इस घटना में कम से कम 30 लोगों की मौत हुई है, जबकि 70 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यह शटल ट्रेन क्वेटा कैंट क्षेत्र से आ रही थी। ट्रेन जैसे ही चमन फाटक के पास पहुंची, उसी दौरान रेलवे ट्रैक के नजदीक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट के तुरंत बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके के साथ गोलियों जैसी आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
ब्लास्ट के कारण ट्रेन के एक डिब्बे में आग लग गई, जिसने आसपास खड़े वाहनों और नजदीकी इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। मौके से सामने आए वीडियो में ट्रैक के आसपास आग की लपटें, घना धुआं और अफरा-तफरी का माहौल साफ दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर लोगों में भारी चिंता देखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस, पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके को घेरकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को क्वेटा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां हालात को देखते हुए इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। राहत कार्यों के लिए बचाव ट्रक और राहत ट्रेन भी मौके पर भेजी गई है।
हालांकि इस हमले को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर विस्तृत पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन शुरुआती जांच में इसे आत्मघाती हमला माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से सबूत जुटाने और धमाके की वजह की जांच में लगी हुई हैं।
पाकिस्तान के फेडरल रेल मंत्री मुहम्मद हनीफ अब्बासी ने क्वेटा में हुए इस ब्लास्ट की कड़ी निंदा की है। रेलवे प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में उन्होंने कहा कि क्वेटा कैंट से आने वाली ट्रेन विस्फोट की चपेट में आ गई, जिससे इंजन समेत कई डिब्बों को भारी नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके को अपने कब्जे में ले लिया है और राहत अभियान लगातार जारी है।
