मेहसी में एनएच-27 पर हादसे के बाद मची चीख-पुकार, तीन घायल जिंदगी और मौत से जूझ रहे, प्राथमिक उपचार के बाद मुजफ्फरपुर रेफर
पूर्वी चंपारण : मेहसी थाना क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर आज रफ्तार ने एक बार फिर कहर बरपा दिया। मेहसी थाना के बिल्कुल समीप दो भारी ट्रकों की जोरदार भिड़ंत में पंजाब निवासी राजा सिंह की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रकों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और टक्कर की तेज आवाज दूर तक सुनाई दी।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। ट्रकों के केबिन में फंसे लहूलुहान लोगों को देखकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने बिना देर किए मेहसी थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद ट्रकों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल मेहसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
मृतक की पहचान पंजाब निवासी राजा सिंह के रूप में की गई है। वहीं घायलों में पंजाब निवासी प्रदीप सिंह, उम्र करीब 36 वर्ष, उत्तर प्रदेश निवासी मतलूब, उम्र करीब 25 वर्ष और बबल, उम्र करीब 20 वर्ष शामिल हैं। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मेहसी पीएचसी में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी स्थिति नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों के अनुसार, घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें उच्च स्तरीय इलाज की जरूरत थी।
मेहसी पीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरेंद्र कुमार रवि ने बताया कि राजा सिंह को अस्पताल लाए जाने से पहले ही मौत हो चुकी थी। वहीं अन्य तीन घायलों की हालत काफी गंभीर थी, इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मुजफ्फरपुर के हायर सेंटर भेज दिया गया।
हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक रूप से तेज रफ्तार और ट्रकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
