बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, फिटनेस और लाइसेंस वाले वाहन चालकों पर चला अभियान
गणेश धर द्विवेदी
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने सोमवार को शहर के प्रमुख चौराहों पर विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में बस स्टैंड, कचहरी चौराहा, कोऑपरेटिव चौराहा तथा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप (पुरवा) के आसपास सघन वाहन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो और ई-रिक्शा, बिना हेलमेट दोपहिया चालक, बिना सीट बेल्ट चारपहिया चालक, तीन सवारी बाइक, बिना ड्राइविंग लाइसेंस तथा बिना फिटनेस के संचालित ऑटो और ई-रिक्शा के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 86 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि दो वाहनों को सीज किया गया।

यातायात पुलिस ने कहा कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना तथा दुर्घटनाओं में कमी लाना है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखकर ही वाहन चलाएं, अन्यथा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
