गौतम अदाणी ने कहा, बिहार अब विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है और आने वाले वर्षों में राज्य को बड़े निवेश का लाभ मिलेगा
स्टेट ब्यूरो, बिहार
देश के बड़े उद्योगपतियों में शामिल अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने बिहार को लेकर बड़ा निवेश संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य अब तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और यहां उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर तथा रोजगार के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उनका मानना है कि बिहार के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार के अवसर मिलें, इसके लिए बड़े स्तर पर काम करने की जरूरत है।
गौतम अदाणी सारण जिले के मस्तीचक में अखंड ज्योति हॉस्पिटल के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अदाणी समूह आने वाले दो से तीन वर्षों में बिहार में लगभग 50 से 60 हजार करोड़ रुपये तक का निवेश करने की तैयारी कर रहा है।
उन्होंने बताया कि यह निवेश बिजली, सड़क, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक, सामाजिक आधारभूत संरचना और औद्योगिक क्षेत्रों में किया जाएगा। उनके अनुसार बिहार में विकास की अपार संभावनाएं हैं और यदि सही दिशा में काम किया जाए तो राज्य देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल हो सकता है।
गौतम अदाणी ने कहा कि उनकी इच्छा सिर्फ उद्योग लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर कार्य करने की है। उन्होंने संकेत दिया कि सारण के अलावा पटना में भी अस्पताल, स्कूल और यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों के विकास की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
बिहार की राजनीति और विकास को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि राज्य के नए मुख्यमंत्री बिहार के लिए बेहतर कार्य करेंगे और अदाणी समूह भी विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग देगा। उन्होंने कहा कि बिहार को वर्तमान समय में बेहतर संसाधनों, मजबूत सड़क नेटवर्क और औद्योगीकरण की सबसे अधिक जरूरत है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि राज्य में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाए और निवेश का माहौल बेहतर बने, तो बिहार आने वाले समय में देश की आर्थिक प्रगति में बड़ी भूमिका निभा सकता है। गौतम अदाणी के इस बयान के बाद राज्य में बड़े निवेश और रोजगार की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
