राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ग्रीष्मकालीन वार्षिकोत्सव-2026 का किया उद्घाटन। 15 सितंबर तक सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक कर सकेंगे भ्रमण

नई दिल्ली : राष्ट्रपति भवन का खूबसूरत अमृत उद्यान एक बार फिर आम लोगों के स्वागत के लिए तैयार है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 14 अगस्त को अमृत उद्यान के ग्रीष्मकालीन वार्षिकोत्सव-2026 का उद्घाटन किया। आम लोग 16 अगस्त से 15 सितंबर तक इस उद्यान का भ्रमण कर सकेंगे।

इस अवधि में अमृत उद्यान सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा, जबकि अंतिम प्रवेश शाम 5 बजे तक होगा। रखरखाव कार्य के कारण प्रत्येक सोमवार को उद्यान बंद रहेगा।

आगंतुक नॉर्थ एवेन्यू रोड के पास स्थित द्वार संख्या 35 से प्रवेश और निकास कर सकेंगे। अमृत उद्यान में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, लेकिन आने से पहले ऑनलाइन स्लॉट बुक करना जरूरी होगा। इसके लिए राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक विजिट वेबसाइट पर अग्रिम बुकिंग करनी होगी। किसी विशेष दिन के लिए स्लॉट बुकिंग उसके एक दिन पहले सुबह 10 बजे बंद हो जाएगी। मौके पर किसी तरह की बुकिंग सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

आगंतुकों की सुविधा के लिए उद्यान भ्रमण मार्ग पर पेयजल स्टॉल, प्रथमोपचार केंद्र, रेन शेल्टर और रेस्ट रूम की व्यवस्था की जाएगी।

केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से अमृत उद्यान के प्रवेश द्वार तक शटल बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी। यह सेवा सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक हर 30 मिनट के अंतराल पर चलेगी। बस पर अमृत उद्यान के लिए शटल सेवा का बैनर लगा होगा।

ग्रीष्मकालीन वार्षिकोत्सव के दौरान अमृत उद्यान दिल्ली घूमने आने वाले लोगों के लिए एक खास आकर्षण रहेगा, जहां वे राष्ट्रपति भवन परिसर की हरियाली और सजे-संवरे उद्यान का आनंद ले सकेंगे।