मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहायिकाओं का मानदेय चार हजार से बढ़ाकर छह हजार करने की घोषणा की

अयोध्या : उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय आठ हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय चार हजार से बढ़ाकर छह हजार रुपये करने की घोषणा की। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को मिलने वाली साड़ियों की संख्या दो से बढ़ाकर तीन करने और परिवार सहित पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर देने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को बच्चों के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि स्वस्थ और सुरक्षित बचपन ही समर्थ भारत की नींव तैयार करेगा। उन्होंने द्वापर युग में माता यशोदा द्वारा भगवान कृष्ण के लालन-पालन का उदाहरण देते हुए कहा कि आज आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं भी बच्चों के पोषण और देखभाल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। उन्होंने पोषण माह का उल्लेख करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।योगी ने कहा कि पिछले वर्षों में प्रदेश के 70 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को व्यवस्थित स्वरूप दिया गया है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक केंद्र के पास अपना भवन हो। उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए एक लाख 28 हजार स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप आंगनबाड़ी व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए कई स्तरों पर काम किया जा रहा है। रियल टाइम डाटा और स्मार्टफोन के इस्तेमाल से केंद्रों की निगरानी तथा सेवाओं को बेहतर बनाया गया है। टेक होम राशन व्यवस्था को भी स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है और वर्तमान में 204 स्थानों पर इसका संचालन किया जा रहा है।योगी ने कोरोना काल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में उन्होंने लोगों तक जरूरी सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसी योगदान और बच्चों के पोषण में उनकी जिम्मेदारी को देखते हुए सरकार उनके हितों से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले केंद्रों तक पोषण सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था में गड़बड़ियां थीं और इसका खामियाजा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भुगतना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के साथ बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया है।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में सड़क, बिजली, एयरपोर्ट और अन्य बुनियादी सुविधाओं में व्यापक बदलाव आया है। महर्षि वाल्मीकि के नाम पर बने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लेकर फोरलेन सड़कों और सोलर सिटी तक अयोध्या ने नई पहचान बनाई है।

योगी ने प्राथमिक विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प और निपुण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा और बाल विकास की मजबूत व्यवस्था ही भविष्य की पीढ़ी को सक्षम बनाएगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इसी भविष्य के निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा तथा आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है।