मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 मई को जनपद देवरिया के दौरे पर, 19 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर जनदप के विकास को देंगे नई गति, कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक सभी तैयारियां पूरी
गणेश धर द्विवेदी
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार 22 मई को जनपद देवरिया के दौरे पर हैं। यहां मुख्यमंत्री जनपद में 655.45 करोड़ रुपये लागत की 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से जनपद के आधारभूत ढांचे, सड़क संपर्क व अन्य विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेंगे। इसके साथ ही पेयजल, यातायात, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। एसपी अभिजीत आर. शंकर ने कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखने का दावा किया है।
प्रोटोकॉल के मुताबिक मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 10:05 बजे गोरखपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर 10:25 बजे कार्यक्रम स्थल भीमपुर गौरा स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर आयोजित समारोह में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम संपन्न होने के पश्चात मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
बताया गया कि मुख्यमंत्री 116.54 करोड़ रुपये लागत की 8 परियोजनाओं का लोकार्पण और 538.91 करोड़ रुपये लागत की 11 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। उन महत्वपूर्ण परियोजनाओं में देवरिया-कसया मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य (लागत 292.07 करोड़ रुपये) व देवरिया-हाटा मार्ग के चैनेज 2.00 से 22.00 तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य (लागत 74.47 करोड़ रुपये) का भूमिपूजन व शिलान्यास शामिल है।
बताया गया कि पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र में 25.86 करोड़ रुपये लागत की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण व 449.24 करोड़ रुपये लागत की पांच परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र में कुल 475.10 करोड़ रुपये की आठ परियोजनाएं शामिल हैं। रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र में 66.55 करोड़ रुपये लागत की दो परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 16.39 करोड़ रुपये लागत की दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। देवरिया विधानसभा क्षेत्र में 24.13 करोड़ रुपये लागत की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 73.28 करोड़ रुपये लागत की चार परियोजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है। विधानसभा क्षेत्र में कुल 97.41 करोड़ रुपये की सात विकास परियोजनाएं शामिल हैं।
जानें ये हैं लोकार्पण की प्रमुख परियोजनाएं...
मुख्यमंत्री नवीन पुलिस थाना महुआडीह के प्रशासनिक भवन (लागत 8.73 करोड़ रुपये), देसही देवरिया ब्लॉक स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक एवं छात्रावास भवन (लागत 4.53 करोड़ रुपये) तथा डिघवा पौटवा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (लागत 12.60 करोड़ रुपये) का लोकार्पण करेंगे।
खुखुंदू-नूनखार-भटनी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य (लागत 24.93 करोड़ रुपये), भटनी-बलुआ अफगान मार्ग चौड़ीकरण कार्य (लागत 41.62 करोड़ रुपये), खरोह-मठिया बाबा-रैयश्री-रुद्रपुर मार्ग (लागत 10.98 करोड़ रुपये), पिपरा चंद्रभान से सहजौली बाया हाटा खास मार्ग (लागत 4.59 करोड़ रुपये) तथा पशु चिकित्सालय देवरिया सदर में मॉडर्न वेटेनरी क्लीनिक (लागत 8.56 करोड़ रुपये) का भी लोकार्पण किया जाएगा।
जानें ये हैं शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाएं...
मुख्यमंत्री सोन्हुआ रामनगर-देसही देवरिया मार्ग (लागत 34.96 करोड़ रुपये), हेतिमपुर संपर्क मार्ग पर नवीन सेतु निर्माण (लागत 23.78 करोड़ रुपये), बघौचघाट-पकहां मार्ग स्थित खनुआ नाला पर समानांतर सेतु निर्माण (लागत 23.96 करोड़ रुपये) सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
इसके अतिरिक्त देवरिया-कसया मार्ग (लागत 292.07 करोड़ रुपये), देवरिया-हाटा मार्ग (लागत 74.47 करोड़ रुपये), पिपरपाती-पडरी मल्ल-राउतपार-बैकुंठपुर-मधवापुर मार्ग सुदृढ़ीकरण कार्य (लागत 9.61 करोड़ रुपये), बैकुंठपुर-नूनखार मार्ग (लागत 6.78 करोड़ रुपये), हाटा-गौरी बाजार मार्ग से देवतहां कुटी संपर्क मार्ग (लागत 13.60 करोड़ रुपये), गौरी बाजार-हाटा मार्ग से कमरमहा मार्ग (लागत 11.91 करोड़ रुपये), भिखमपुर-देवरिया-करहकोल मार्ग चौड़ीकरण कार्य (लागत 36.56 करोड़ रुपये) तथा राजकीय पॉलिटेक्निक देवरिया में आवासीय एवं अनावासीय भवनों के जीर्णोद्धार एवं सुदृढ़ीकरण कार्य (लागत 11.22 करोड़ रुपये) का भी शिलान्यास किया जाएगा।
उधर, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर डीएम मधुसूदन हुल्गी और एसपी अभिजीत आर. शंकर ने कार्यक्रम स्थल भीमपुर गौरा के समीप पोखरभिंडा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर हेलीपैड निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच, टेंट, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों का जायजा लिया था। इसके बाद डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम के आयोजन हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंप कर सभी को अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए तैयारियां समय से पूर्ण कर लेने का निर्देश दिया। उन्होंने हिदायत दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। एसपी ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखने का दावा किया है।
