देवरिया में भाजपा नेताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

गणेश धर द्विवेदी

देवरिया में भाजपा नेता एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शुक्ल के विरुद्ध जारी जिला बदर की कार्रवाई पर पुनर्विचार की मांग को लेकर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में 20 जून 2026 को जारी जिला बदर आदेश को स्थगित कर मामले की निष्पक्ष समीक्षा कराने का अनुरोध किया गया है।

ज्ञापन में इस बात का उल्लेख किया गया है कि डॉ. शुक्ल वर्ष 1997 से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं और छात्र राजनीति से लेकर संगठन के विभिन्न पदों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वर्तमान में भी वे संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय हैं। ज्ञापन में दावा किया गया है कि उनके खिलाफ की गई कार्रवाई राजनीतिक साजिश का परिणाम है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और राजनीतिक छवि प्रभावित हुई है।

ज्ञापनकर्ताओं ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि मामले के सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर जिला बदर की कार्रवाई पर पुनर्विचार किया जाए। उनका कहना है कि यदि आदेश पर पुनः विचार नहीं किया गया तो इससे जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ सकता है। ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा नेता विशंभर मिश्र, मार्कडे तिवारी, बलराम उपाध्याय सहित अन्य नेता शामिल रहे।