देवरिया दौरे पर पहुंचे डीप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्राइवेट अस्पताल का उद्घाटन किया, मेडिकल कॉलेज में योग कक्ष का शुभारम्भ किया, फिर संक्षिप्त बैठक कर आवश्यक निर्देश दिया
गणेश धर द्विवेदी
सूबे के डीप्टी सीएम बृजेश पाठक बुधवार को देवरिया दौरे पर थे। अपने इस दौरे के दौरान डीप्टी सीएम ने सभी कार्यक्रमों में भाग लिया। प्राइवेट अस्पताल का उद्घाटन किया। मेडिकल कॉलेज में योग कक्ष का शुभारम्भ किया, विकास भवन में प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और पौधरोपड़ किया, लेकिन वह हनुमान मंदिर जाना भूल गए या फिर टाइम नहीं मिला। जबकि सरकारी प्रोटोकाल के मुताबिक 11:20 बजे सीसी रोड स्थित श्री मनोकामना हनुमान मंदिर पहुंचकर आयोजित स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में उन्हें भाग लेना था। डीप्टी सीएम के यहां आने की खबर के बाद से ही यहां सफाई अभियान जारी रहा।
सफाई अभियान के तहत मंदिर के आसपास की गंदगी के साथ-साथ हनुमान मंदिर चौराहे पर लगने वाली दुकानों की भी सफाई कर दी गई थी। चौराहे पर लगने वाली दुकानों के दुकान लगाने पर रोक लगा दिया गया था। यानी पूरी तरह से व्यवस्था चाक-चौबंध रखी गई, ताकि डीप्टी सीएम को यहां पहुंचने में प्रशासन को दो-चार न होना पड़े। चिलचिलाती धूप व गर्मी में सुरक्षा कर्मी से लेकर प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह से मुस्तैद रहे, लेकिन डीप्टी सीएम नहीं पहुंचे और स्वच्छता अभियान की तैयारी धरी की धरी रह गई, जब डीप्टी सीएम के उड़न खटोला के उड़ने की खबर आई तो यहां तैनात प्रशासनिक अमले ने राहत की सांस ली।
खबर के मुताबिक डीप्टी सीएम कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के साथ विकासखंड देसही देवरिया क्षेत्र स्थित ग्राम देसही में एक प्राइवेट हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। यहां के बाद वह महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पौधरोपण किया। इसके बाद योग कक्ष का शुभारम्भ किया। इसके उपरांत उन्होंने मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य एवं अन्य चिकित्साधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठक कर मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया।
डीप्टी सीएम ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की फैकल्टियों में रिक्त पदों को भरने का अधिकार प्राचार्य को प्रदान किया गया है। शासन स्तर पर केवल नियुक्तियों की पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान का सफल संचालन प्राचार्य की जिम्मेदारी है। यह सुनिश्चित किया जाए कि इन्फ्रास्ट्रक्चर, मानव संसाधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की आधारभूत आवश्यकताओं के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है। रोगी कल्याण समिति में उपलब्ध धनराशि का समुचित उपयोग किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा कोई भी फैकल्टी रिक्त न रहे। सीसीटीवी व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रखी जाए और उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर के कुछ भवनों में फिनिशिंग एवं रंगाई-पुताई का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए।
डीप्टी सीएम ने विकास भवन परिसर में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘‘12 साल विश्वास, विकास एवं जनकल्याण’’ विषयक प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा देवराहा बाबा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। आईसीडीएस विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रम के तहत बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा 05 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई। प्रदर्शनी में लगाए गए एक स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने झालमुड़ी का स्वाद भी लिया और प्रदर्शनी की सराहना की।
प्रदर्शनी में कृषि, पर्यटन, पुलिस, स्वास्थ्य, उद्योग, आईसीडीएस, बेसिक शिक्षा, आईटीआई, पीएम सूर्य घर योजना, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम, यूपी सिडको, यूपी सीएनडीएस, उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद, यूपीपीसीएल, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, बाढ़ खंड, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण एवं नगरीय), सेतु निगम तथा ओडीओपी सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे।
डीप्टी सीएम ने बेसिक शिक्षा विभाग की छात्राओं द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स का अवलोकन किया तथा उनसे संवाद भी किया। इस दौरान पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेन्द्र चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश मणि, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. रजनी पटेल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.के. मिश्रा, डॉ. आर.के. श्रीवास्तव, डॉ. एस.एस. द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने में सफलता मिली है। चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं तथा 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। प्रधानमंत्री का स्पष्ट संकल्प है कि जब तक प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को आवास एवं जीवन की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो जाती, तब तक योजनाएं निरंतर संचालित होती रहेंगी।
