- अहाना देओल की आंखें भी हुईं नम, परिवार ने इसे बताया गर्व का पल
नई दिल्ली : राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह सोमवार को भावनाओं से भर उठा, जब हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता स्वर्गीय धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में शामिल इस पुरस्कार से उन्हें नवाजा। अभिनेता की ओर से उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने यह सम्मान ग्रहण किया। इस दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया और समारोह में मौजूद परिवार के सदस्यों की आंखें नम दिखाई दीं।
पुरस्कार ग्रहण करने के लिए हेमा मालिनी के साथ उनकी बेटी अहाना देओल भी दिल्ली पहुंचीं थीं। सम्मान लेते वक्त दोनों भावुक नजर आईं। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए हेमा मालिनी ने कहा कि यह उनके परिवार के लिए बेहद भावुक और गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि पूरा परिवार इस सम्मान से खुश है। उन्होंने कहा कि अहाना उनके साथ मौजूद हैं, जबकि ईशा भी आना चाहती थीं लेकिन किसी कारणवश नहीं आ सकीं। हेमा ने बताया कि सनी देओल और बॉबी देओल सहित परिवार के सभी सदस्य इस सम्मान की खबर से बेहद खुश हैं।
हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा की जाती है। इस वर्ष कुल 131 हस्तियों को पद्म सम्मान देने का ऐलान किया गया था। इनमें पांच लोगों को पद्म विभूषण, 13 को पद्म भूषण और 113 हस्तियों को पद्म श्री सम्मान के लिए चुना गया।
धर्मेंद्र का पिछले वर्ष 24 नवंबर को निधन हो गया था। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे अभिनेता के निधन से फिल्म इंडस्ट्री और उनके करोड़ों प्रशंसकों को गहरा सदमा लगा था। अपने लंबे फिल्मी करियर में धर्मेंद्र ने करीब 65 वर्षों तक हिंदी सिनेमा में सक्रिय भूमिका निभाई और 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया।
उन्होंने वर्ष 1960 में फिल्म “दिल भी तेरा हम भी तेरे” से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने लगातार कई यादगार फिल्मों में काम कर हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। अपनी दमदार अदायगी, एक्शन, रोमांटिक किरदारों और सहज व्यक्तित्व के कारण धर्मेंद्र दशकों तक दर्शकों के पसंदीदा सितारे बने रहे।
भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान को सम्मान देते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया है। फिल्म जगत के कई कलाकारों और प्रशंसकों ने इस सम्मान को धर्मेंद्र के लंबे और शानदार करियर के लिए उचित श्रद्धांजलि बताया है।