कोतवाली का किया निरीक्षण, पैदल गश्त कर कानून-व्यवस्था का दिलाया भरोसा
गणेश धर द्विवेदी
गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चन्नप्पा ने शुक्रवार को देवरिया के थाना कोतवाली का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर एवं अन्य अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा आमजन से संवाद स्थापित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने मिशन शक्ति केंद्र, थाना कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, सीसीटीएनएस कक्ष, विवेचना कक्ष एवं थाना परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों और विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए उनके सुव्यवस्थित रखरखाव और लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान डीआईजी ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने, एंटी-रोमियो टीमों को लगातार सक्रिय रखने, रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहे।
