महिला महाविद्यालय में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में दिखा उत्साह। टेबल टेनिस और कैरम में भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर मारी बाजी

मुजफ्फरपुर : महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय में खेल विभाग की ओर से खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनुराधा सिंह की अध्यक्षता में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. निशिकांति ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए किया।

प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनुराधा सिंह ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में खेलों की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास के लिए भी बेहद जरूरी हैं। खेल सचिव डॉ. राम दुलार साहनी ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि खेल मनुष्य के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नूतन कुमारी और डॉ. मीनाक्षी कुमारी ने किया।

दौड़ प्रतियोगिता में मनोविज्ञान विभाग की सुहानी कुमारी ने प्रथम, साक्षी कुमारी ने द्वितीय और बीसीए विभाग की खुशी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। टेबल टेनिस में जंतुविज्ञान विभाग की खुशबू कुमारी प्रथम, राजनीति विज्ञान विभाग की ओसीन वर्मा द्वितीय और रुचि रंजन तृतीय स्थान पर रहीं।

कैरम प्रतियोगिता में भूगोल विभाग की प्रतिमा कुमारी ने प्रथम और अंग्रेजी विभाग की शगुफ्ता प्रवीण ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बीसीए विभाग की खुशी कुमारी और राजनीति विज्ञान विभाग की रुचि कुमारी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। शतरंज प्रतियोगिता में जंतुविज्ञान विभाग की सानिया कुमारी ने प्रथम, इतिहास विभाग की राधिका कुमारी ने द्वितीय और उर्वशी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की सफलता में महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। मौके पर शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी भी मौजूद रहे।