जीआरपी डीजी प्रकाश डी. ने कहा, केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार और रेलवे बोर्ड के समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं
गणेश धर द्विवेदी
उत्तर प्रदेश राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के महानिदेशक (डीजी) प्रकाश डी. शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने जीआरपी थाने का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों और पुलिस बल की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से बढ़ते रेल यातायात के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिया।
इस दौरान डीजी ने कहा कि देवरिया सहित पूर्वोत्तर रेलवे के इस क्षेत्र में लगातार ट्रेनों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में जीआरपी के पास पर्याप्त मैनपावर और तकनीकी संसाधन उपलब्ध होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर सहित आवश्यक स्टाफ की उपलब्धता पर भी विचार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जीआरपी के संचालन में लगभग 50 प्रतिशत व्यय रेलवे वहन करता है। केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार और रेलवे बोर्ड के समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। पुराने ढांचे में आवश्यक सुधार और नए सृजन पर भी जोर दिया जा रहा है। डीजी ने रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर स्टेशन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी और यात्रियों की सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस सामान पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ओड़िहार–मऊ रेलखंड समेत विभिन्न रेल परियोजनाओं और क्षेत्र में बढ़ते रेल संचालन की जानकारी भी डीजी को दी। इस अवसर पर जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय पुलिस अधिकारी और रेलवे प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।