• दोपहर में धूप से बचने, अधिक पानी पीने और पशुओं को छांव में रखने की अपील


बिजनौर : जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और मौसम के बदलते तेवरों को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिलाधिकारी जसजीत कौर ने जनपदवासियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए आने वाले दिनों में लू और तेज गर्म हवाओं से सावधान रहने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि 27 मई तक जिले के दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना बनी हुई है, ऐसे में लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।


जिलाधिकारी ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग लखनऊ से प्राप्त सूचना के अनुसार अगले कुछ दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी और गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। इसे देखते हुए आम नागरिकों, किसानों और पशुपालकों के लिए अलग-अलग दिशा निर्देश जारी किए गए हैं ताकि किसी भी तरह की जनहानि या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से बचा जा सके।


प्रशासन की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर के समय बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना आवश्यक हो तो हल्के और सूती कपड़ों का इस्तेमाल करें तथा सिर को टोपी, गमछे या छतरी से ढककर निकलें। शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए अधिक मात्रा में पानी, नींबू पानी और ओआरएस घोल का सेवन करने की सलाह दी गई है।


जिलाधिकारी जसजीत कौर ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों का ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी और लू का सबसे अधिक असर कमजोर स्वास्थ्य वाले लोगों पर पड़ता है, इसलिए परिवार के सदस्य ऐसे लोगों की नियमित देखभाल करें।


किसानों को भी मौसम को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि खेतों में पर्याप्त नमी बनाए रखने के लिए समय पर सिंचाई करें ताकि फसलें तेज गर्मी से प्रभावित न हों। वहीं पशुपालकों से कहा गया है कि वे अपने पशुओं को तेज धूप से बचाकर छायादार स्थानों पर रखें और उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराएं।


जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी और लू से बचाव को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जीवन की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए और मौसम विभाग की सलाहों का गंभीरता से पालन किया जाना चाहिए।