एसपी ने किया डीवी-पीएसटी का निरीक्षण

गणेश धर द्विवेदी

जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस होमगार्ड इनरोलमेंट-2026 के तहत अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन (डीवी) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) की प्रक्रिया सोमवार से पुलिस लाइन प्रेक्षागृह में शुरू हो गई। यह भर्ती प्रक्रिया 13 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक चलेगी, जिसमें कुल 1192 अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण किया जाएगा।

सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने भर्ती प्रक्रिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाए, ताकि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने अभिलेखों की सावधानीपूर्वक जांच, सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी अभ्यर्थियों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा भर्ती के प्रत्येक चरण को समयबद्ध, सुव्यवस्थित और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। पुलिस प्रशासन ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।