हड़ताल और छुट्टियों की वजह से कई दिनों तक शाखाओं में नहीं होगा कामकाज, नकद लेनदेन, चेक क्लियरेंस और पासबुक अपडेट जैसी सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित

सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के करोड़ों ग्राहकों को अगले कुछ दिनों तक बैंकिंग सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। लगातार पड़ रही छुट्टियों और बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के कारण एसबीआई की शाखाओं में कई दिनों तक सामान्य कामकाज प्रभावित रहने की संभावना जताई जा रही है। इसका असर नकद जमा और निकासी से लेकर चेक क्लियरेंस और नए बैंकिंग कार्यों तक पड़ सकता है।

बैंक कर्मचारियों के संगठन ऑल इंडिया स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 25 और 26 मई को हड़ताल का आह्वान किया है। कर्मचारियों की ओर से 16 सूत्रीय मांगों को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। हड़ताल के कारण इन दो दिनों में एसबीआई की अधिकांश शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहने की आशंका है।

इसके अलावा 23 मई को चौथे शनिवार और 24 मई को रविवार होने के कारण बैंक पहले से बंद रहेंगे। वहीं 27 और 28 मई को बकरीद के अवसर पर देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में बैंक अवकाश घोषित किया गया है। कुछ क्षेत्रों में 27 मई को तो कुछ जगहों पर 28 मई को छुट्टी रहेगी। जम्मू-कश्मीर के कई शहरों में दोनों दिन बैंक बंद रहने की संभावना है। इस तरह अलग-अलग कारणों से बैंकिंग सेवाओं पर लगातार असर पड़ सकता है।

इन दिनों बैंक शाखाओं में नकद जमा और निकासी, चेक जमा करने और क्लियरेंस, पासबुक अपडेट, बैंक स्टेटमेंट निकालने, नया खाता खुलवाने, एफडी कराने और लोन से जुड़े कई कार्य प्रभावित हो सकते हैं। ग्राहकों को शाखाओं में जाकर होने वाले जरूरी काम पहले ही निपटाने की सलाह दी जा रही है।

हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जारी रहेंगी। एटीएम से नकद निकासी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही योनो ऐप, मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग, एनईएफटी, आरटीजीएस और आईएमपीएस जैसी ऑनलाइन सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। फोनपे, गूगलपे और अन्य डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म भी सामान्य रूप से काम करते रहेंगे।